ओडिशा से चोरी ट्रैक्टर पुसौर में बरामद, पुलिस ने तीन चोरों को दबोचा

रायगढ़ – पुसौर थानाक्षेत्र से चोरी की हुई ट्रैक्टर की बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के मार्गदर्शन में पुसौर पुलिस ने ओडिशा पुलिस के साथ मिलकर एक साहसिक अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस अभियान में ओडिशा के नक्सल क्षेत्र से चोरी हुआ ट्रैक्टर बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला ने बताया कि 26 जुलाई 2024 को गोविंद राम पटेल, निवासी छोटे भण्डार, थाना पुसौर, ने अपने ट्रैक्टर क्रमांक CG13AH6160 (जॉनडियर) की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 08 जुलाई 2024 की शाम को पटेल ने अपने ट्रैक्टर को घर के सामने सड़क किनारे खड़ा किया था, लेकिन सुबह 5 बजे ट्रैक्टर गायब पाया गया।

पुसौर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्परता से कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित कुमार बंजारे के नेतृत्व में घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें तीन अज्ञात व्यक्तियों को रात 2 बजे ट्रैक्टर ले जाते हुए देखा गया। इसके आधार पर पुलिस ने ट्रैक्टर की जांच के लिए सरिया, भुक्ता, आमाभौना और भठली क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया। हालांकि, बरगढ़ बस स्टैंड से आगे ट्रैक्टर का कोई सुराग नहीं मिला।

थाना प्रभारी रोहित बंजारे ने ओडिशा के विभिन्न स्थानों पर चार बार दबिश दी और मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी बीच, पुसौर टीआई को मुखबिर से सूचना मिली कि बरगढ़ (ओडिशा) में गुरुदेव नामक व्यक्ति को छत्तीसगढ़ के ट्रैक्टर के साथ देखा गया है। पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से गुरुदेव को हिरासत में लिया और कड़ी पूछताछ के बाद उसके दो अन्य साथियों, छोटू उर्फ राज साह और बलराम साहू उर्फ रिक्की को भी गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे 08 जुलाई 2024 को चन्द्रपुर पहुंचे थे और रात में ग्राम बड़े भंडार से ट्रैक्टर चुराकर उसे ओडिशा के बरगढ़ ले गए थे। ट्रैक्टर बेचने की कोशिश नाकाम होने पर उन्होंने इसे बलांगीर और रायगढ़ा तक ले जाने का प्रयास किया, लेकिन वहां भी ग्राहक नहीं मिला। अंततः ट्रैक्टर बिगड़ने पर उन्होंने इसे ग्राम डागसोरदा के घने जंगल में छिपा दिया।

बरामद ट्रैक्टर का छिपने का स्थान जिला रायगड़ा, ओडिशा के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में था। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देश पर पुसौर पुलिस ने ओडिशा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा उपाय अपनाते हुए ट्रैक्टर को टोचन कर शहर तक लाया और विधिवत रूप से ज़ब्त किया।

गिरफ्तार आरोपी:

  • राज साह उर्फ छोटू, निवासी बरहागुड़ा, जिला बरगढ़, ओडिशा
  • बलराम साहू उर्फ रिक्की, निवासी कुर्ला, जिला बरगढ़, ओडिशा
  • गुरुदेव बम्हानिया, निवासी बरहागुड़ा, जिला बरगढ़, ओडिशा


इस सफल अभियान में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक रोहित कुमार बंजारे, सहायक उप निरीक्षक मनमोहन बैरागी, उमाशंकर विशाल, आरक्षक प्रकाश गिरी, धनुर्जय चंद्र बेहरा, ओशनिक विश्वाल, और नरोत्तम यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ओडिशा के थाना बरहागुड़ा और थेरूवाली पुलिस ने भी विशेष सहयोग प्रदान किया।

राइगढ़ एक्सप्रेस के माध्यम से, मैं हमेशा अपने पाठकों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले और सटीक समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित हूँ। मेरा उद्देश्य आपके विश्वास को बनाए रखना और आपको हमेशा ताजगी भरी खबरों से अवगत कराना है।

Sharing Is Caring: